लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की हुंकार: : पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने नारायणपुर में पत्रकारों का शक्ति प्रदर्शन
Aaj Ki Dahaad News
Wed, Jun 17, 2026
जिला नारायणपुर - पत्रकार सुरक्षा कानून को शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर नारायणपुर जिले के पत्रकारों ने बुधवार को जय स्तंभ चौक में एकदिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर पत्रकार एकता ज़िंदाबाद, पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करो और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की सुरक्षा सुनिश्चित करो जैसे नारों के साथ अपनी आवाज बुलंद की।धरना स्थल पर आयोजित सभा के बाद पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर नम्रता जैन को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार शासन, प्रशासन और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं। विशेषकर नारायणपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में कार्यरत पत्रकार अनेक चुनौतियों के बीच निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता का दायित्व निभा रहे हैं, लेकिन हाल के वर्षों में पत्रकारों के खिलाफ झूठी एवं दुर्भावनापूर्ण शिकायतें, अनावश्यक दबाव और प्रताड़ना की घटनाएं बढ़ी हैं।
पत्रकारों ने बताया कि वर्ष 2023 में पत्रकार सुरक्षा संबंधी विधेयक विधानसभा से पारित होकर राजपत्र में प्रकाशित भी हो चुका है, लेकिन अब तक इसका पूर्ण क्रियान्वयन नहीं हो पाया है। इससे पत्रकार अपेक्षित कानूनी संरक्षण से वंचित हैं। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार सुनील सिंह राठौर ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की सुरक्षा के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून बेहद जरूरी है। इससे पत्रकार बिना भय और दबाव के अपना दायित्व निभा सकेंगे तथा झूठे मुकदमों और उत्पीड़न से उन्हें सुरक्षा मिलेगी। मोहम्मद इमरान खान ने कहा कि पत्रकार किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि समाज, शासन और प्रशासन के बीच संवाद का माध्यम होता है। पत्रकारों को राजनीतिक दृष्टि से देखना दुर्भाग्यपूर्ण है। पत्रकार सुरक्षा कानून उन्हें सम्मानजनक और सुरक्षित कार्य वातावरण प्रदान करेगा।
डॉ. अभिषेक बैनर्जी, संभागीय प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ जर्नलिज्म यूनियन ने कहा कि जनहित से जुड़े समाचारों के कारण पत्रकारों के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण शिकायतों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
ऐसे में पत्रकार सुरक्षा कानून का प्रभावी क्रियान्वयन समय की मांग है। कार्यक्रम में संजय राय, पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर, अनुराग पांडेय, तेन सिंह ठाकुर, डॉ. विजय कुमार तिवारी, दिनेश रजक एवं रामप्रकाश सोनटेके सहित अन्य पत्रकारों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कानून को तत्काल लागू करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि इस कानून के लागू होने से झूठी शिकायतों पर नियंत्रण लगेगा, पत्रकार निर्भीक एवं निष्पक्ष रूप से कार्य कर सकेंगे तथा स्वतंत्र पत्रकारिता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर हाजी डॉ.एस.वली आजाद, शिव कुमार पाण्डेय, रोशन सिंह ठाकुर, मोहम्मद फिरोज, अर्जुन देवांगन, सूरज सरकार, ब्रिज मानिकपुरी, शेख महमूद, नीतेश गोस्वामी, दीपक गोटा, मोनू मिश्रा, नवीन जैन, राजमन कश्यप, गणेश वैष्णव, राकेश पोर्ते, मोहम्मद रफीक, उमेश पांडे, अनुज जोशी, राजकुमार बघेल (बेनूर) सहित जिले के अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। नारायणपुर जिले के पत्रकारों की एकजुटता और सक्रिय भागीदारी के साथ यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों ने एक स्वर में पत्रकार हितों की रक्षा तथा पत्रकार सुरक्षा कानून लागू होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
Tags :
छत्तीसगढ़, बस्तर, नारायणपुर, DPR,
विज्ञापन
विज्ञापन