पंजाब नेशनल बैंक स्कैम : बैंक कर्मियों के प्रताड़ना से तंग आकर युवा दंपत्ति ने उठाया आत्मघाती कदम,पत्नी की गई जान
Aaj Ki Dahaad News
Sat, Jan 24, 2026
नारायणपुर- जिला मुख्यालय से महज 5 किलोमीटर दूर स्थित गढ़बेंगाल में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहाँ युवा दंपत्ति तिलक और सुमित्रा ने सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस आत्मघाती कदम में पत्नी सुमित्रा मंडावी की मेकाहारा रायपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई,वहीं जिंदगी और मौत से जूझ रहे तिलक मंडावी फिलहाल रायपुर एम्स से डिस्चार्ज कर दिए गए हैं।
साइबर फ्रॉड से बचाव संभव, बैंक फ्रॉड से नहीं
देश की जनता को साइबर फ्रॉड से बचाने और उन्हें जागरूक करने सरकार इन दिनों नए-नए तरीके ईजाद कर रही है। मोबाइल में डायलर टोन से लेकर टोल फ्री नंबर जारी करने में भी सरकार ने बिल्कुल देरी नहीं की। देश में लगातार बढ़ रहे साइबर फ्रॉड ने देश के कई महत्वपूर्ण पदों पर आसीन अधिकारियों,कर्मचारियों और उच्च शिक्षा प्राप्त लोगों को भी अपना शिकार बनाया। हर बार नये -नये तरीके से फ्रॉड को अंजाम देकर साइबर ठगों ने यह बता दिया कि सरकार चाहे जितनी भी जागरूकता फैला ले साइबर ठगी से बचना इतना आसान नहीं है। सरकार साइबर फ्रॉड और साइबर ठगों का इलाज कर भी ले,लेकिन बैंक फ्रॉड से जनता को बचाने का वैक्सीन फिलहाल सरकार के पास नहीं है।
पुलिस जांच में सामने आ सकता है,पंजाब नेशनल बैंक का बड़ा स्कैम
इस हृदय विदारक घटना ने पंजाब नेशनल बैंक के कार्य प्रणाली पर सवाल खड़ा कर दिया है। ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करने वाले सुमित्रा मंडावी और तिलक मंडावी ने संजीवनी विकास फाउंडेशन को जारी सुसाइड नोट में खुद को निर्दोष बताते हुए लिखा कि हमारे द्वारा ग्राहकों का केवाईसी और सीआरएम नहीं किया गया है, क्योंकि केवाईसी और सीआरएम का काम बैंक कर्मचारियों के द्वारा किया जाता है। युवा दंपति ने अपने पत्र में जांच की मांग भी की है और लिखा की बैंक कर्मचारियों द्वारा हमें फसाया जा रहा है, साथ ही धमकी भी दी जा रही है। उनके दबाव में हमने अब तक दो खातों में 137000 रुपये जमा का दिए हैं। इसके अलावा बैंक कर्मचारियों द्वारा हमसे अलग से भी पैसे मांगे जा रहे हैं। बैंक कर्मचारी अमित कुमार साहू को हमने 50000 नगद दिए हैं, साथ ही उनके द्वारा बताए एक खाते में 20000 रुपए फोन पे से भेजने का प्रयास भी हमारे द्वारा किया गया,लेकिन सर्वर डाउन होने की वजह से पैसा हमारे खाते में वापस आ गया।
सुसाइड नोट में जिम्मेदार बैंक कर्मियों के नाम
सुसाइड नोट में तिलक- सुमित्रा ने बैंक कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा कि काफी लंबे समय से बंद पड़े बैंक खातों में फर्जी तरीके से आधार लिंक कर लाखों रुपए की हेराफेरी बैंक कर्मियों के द्वारा की गई और दबावपूर्वक हमसे पैसे वसूलने का प्रयास किया जा रहा है। बैंक के जिम्मेदार कर्मचारियों के नाम विनय कुमार,अमित कुमार साहू,हेमेंद्र जांगड़े,सिंह साहब और गोपाल सुसाइड नोट में दर्ज हैं।
परिजनों की मांग- जिम्मेदार बैंक कर्मचारियों पर दर्ज हो, आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला
इस बैंक स्कैम का शिकार हो चुके तिलक-सुमित्रा के परिजन और स्थानीय ग्रामीणों की मांग है कि जिम्मेदार बैंक कर्मियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज होना चाहिए। मृतका सुमित्रा मंडावी अपने पीछे दो छोटे बच्चे छोड़ गई,जिनकी जिम्मेदारी अब पूरी तरह से टूट चुके और जिंदगी की लड़ाई से हार मानकर पहले ही आत्महत्या का प्रयास कर चुके अकेले पिता के कंधों पर रह गया।
बैंक प्रबंधन ने साधी चुप्पी
इस पूरे मामले पर बैंक प्रबंधन ने चुप्पी साध ली है। इसे बैंक का आंतरिक मामला बताते हुये कोई भी अधिकारी- कर्मचारी इस विषय पर कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।


Tags :
छत्तीसगढ़,नारायनपुर,बस्तर,पंजाब नेशनल बैंक,सोसाइड,धोखाधड़ी,
विज्ञापन
विज्ञापन