NEET पेपर लीक ने युवाओं का भविष्य छीना : छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र पर हमला: अमित भद्र
Aaj Ki Dahaad News
Thu, Jul 23, 2026
नारायणपुर - कांग्रेस कमेटी नारायणपुर के जिला महामंत्री एवं प्रवक्ता अमित भद्र ने NEET पेपर लीक मामले तथा छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य, न्याय और समान अवसर की लड़ाई लड़ रहा है, लेकिन सरकार उनकी आवाज़ सुनने के बजाय दमन का रास्ता अपना रही है। NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना केवल परीक्षा व्यवस्था की विफलता नहीं, बल्कि करोड़ों मेहनती विद्यार्थियों के सपनों और विश्वास के साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य भ्रष्ट व्यवस्था की भेंट चढ़ गया है। ऐसे मामलों में सरकार की जवाबदेही तय करते हुए दोषियों और पूरे नेटवर्क पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
जब छात्र अपने अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करते हैं और उन पर लाठीचार्ज किया जाता है, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। किसी भी लोकतांत्रिक सरकार का दायित्व युवाओं की बात सुनना और उनकी समस्याओं का समाधान करना होता है, न कि उनकी आवाज़ को दबाना। किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा पीढ़ी होती है। यदि युवाओं का भविष्य असुरक्षित होगा तो देश का भविष्य भी सुरक्षित नहीं रह सकता। सरकार को छात्रों की समस्याओं को राजनीतिक नजरिए से देखने के बजाय संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ उनका समाधान करना चाहिए।
आज देश का छात्र केवल एक परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था, समान अवसर और न्यायपूर्ण प्रणाली की मांग को लेकर संघर्ष कर रहा है। कांग्रेस पार्टी छात्रों के इस संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी आवाज़ को हर मंच पर उठाती रहेगी।
"अगर छात्रों की आवाज़ उठाना सियासत है, तो हम ऐसी सियासत लगातार करते रहेंगे। छात्रों के भविष्य और न्याय पर कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा।"
केंद्र सरकार से मांग की कि NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए, पेपर लीक के सभी दोषियों और पूरे नेटवर्क के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, छात्रों की सभी जायज़ मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लिया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए।
अंत में कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और उनके सपनों की रक्षा करना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सत्ता बदलती रहती है, लेकिन विद्यार्थियों का खोया हुआ समय और टूटा हुआ विश्वास वापस नहीं आता। इसलिए सरकार को अहंकार छोड़कर छात्रों की आवाज़ सुननी चाहिए और उन्हें न्याय दिलाना चाहिए।
Tags :
छत्तीसगढ़, बस्तर, नारायणपुर, दिल्ली जंतर मनतर,
विज्ञापन
विज्ञापन