वार्डवासियों की मांग : पाथवे निर्माण से पहले हो जलभराव की समस्या का निदान
Aaj Ki Dahaad News
Thu, Mar 12, 2026
शहर की दिशाहीन ड्रेनेज सिस्टम पर उठ रहे सवाल
नारायणपुर- इन दिनों नारायणपुर नगर पालिका शहर की खूबसूरती बढ़ाने के लिए प्राण-प्रण से कार्य करती नजर आ रही है,इसी कड़ी में बंधुआ तालाब को खूबसूरत बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा पूर्व में तालाब के चारों ओर आरसीसी वॉल का निर्माण किया गया और अब पाथवे का निर्माण किया जा रहा है। बंधुआ तालाब से सटे वार्ड के रहवासियों का कहना है कि इस पाथवे निर्माण से पहले जल भराव की समस्या का निदान किया जाना चाहिए,क्योंकि इस निर्माण के बाद इस समस्या का निदान असंभव हो जाएगा। बरसात आने में अभी काफी समय है,ऐसे में काबिल आर्किटेक्ट और इंजीनियरों से ड्राइंग व लेआउट करवा कर नालियों का निर्माण किया जाना चाहिए, जिससे वार्ड वासियों को इस समस्या से राहत मिल सके। तालाब से सटे कुछ मकानों के पास चारों ओर नालियां हैं, इसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। इससे पता चलता है कि नगर पालिका द्वारा ड्रेनेज सिस्टम को ध्यान में रखकर नालियों का निर्माण नहीं करवाया गया।
शहर में बहती है,उल्टी-गंगा
वर्तमान का नारायणपुर शहर प्रारंभ से वर्ष 2003 तक ग्रामीण क्षेत्र के रूप में जाना जाता था। वर्ष 2004 में इसे नगर पंचायत घोषित किया गया और धीरे-धीरे हुई शहरीकरण ने इसे आखिरकार 2014 में नगर पालिका बना दिया। ग्राम पंचायत से नगर पालिका तक का सफर तय करने वाले इस शहर ने धीरे-धीरे विकास तो किया,लेकिन एक विडंबना यह रही कि शहर के नालों और नालियों का ड्रेनेज सिस्टम कभी भी संतोषजनक नहीं रहा। शहर के सभी 15 वार्डों में नालियों का निर्माण तो खूब हुआ,लेकिन उल्टी गंगा बहाने के तर्ज पर हुआ।
बंधुआ तालाब है,शहर का केंद्र बिंदु
शहर के हृदय स्थल पर स्थित बंधुआ तालाब हमेशा से शहर का केंद्र बिंदु रहा है। इसी तालाब को केंद्र बिंदु मानकर हमेशा से ही शहर की नालियों का निर्माण किया गया, लेकिन ठेकेदारों और इंजीनियरों ने कभी भी ढाल की दिशा का ध्यान नहीं रखा, जिसके चलते शहरवासी हमेशा से परेशान रहे हैं। बरसात को छोड़ दें तो अन्य 8 महीनों में नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों द्वारा नालियों की सफाई कर शहर वासियों को राहत दी जाती रही है, लेकिन बरसात के दिनों में ड्रेनेज सिस्टम की गलत व्यवस्था के चलते शहर के अधिकतर वार्डों में जल भराव की समस्या देखने को मिलती है।
हमला बस सही नाली चाही,बात खत्म-वार्डवासी
बीते कई वर्षों से बरसात के दिनों में तीन-चार फीट जल भराव की समस्या झेल रहे वार्डवासियों की जिद भरी मांग है, कि हमको बस सही दिशा में बहने वाली नाली चाहिए,जिससे हमें जल भराव की समस्या से राहत मिल सके।
समस्या का होगा समाधान- सीएमओ
नगर पालिका नारायणपुर के नवनियुक्त प्रभारी सीएमओ रामचंद्र यादव ने कहा कि वार्ड वासियों की समस्या को ध्यान में रखकर हमने क्षेत्र का निरीक्षण किया और इंजीनियर को वाटर लेवल के हिसाब से एस्टीमेट बनाने के लिए निर्देशित किया है। वार्डवासियों को जल भराव की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जल्द ही उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा।
Tags :
छत्तीसगढ़, बस्तर, नारायणपुर, नगर पालिका, पीएमओ, cmo,
विज्ञापन
विज्ञापन