रावघाट खदान के स्थानीय वाहन मालिकों का बड़ा ऐलान : ₹910 प्रति टन भाड़े के बिना नया टेंडर अस्वीकार, काम ठप करने की चेतावनी
Aaj Ki Dahaad News
Fri, Nov 20, 2026
नारायणपुर रावघाट लौह अयस्क खदान परियोजना (भिलाई इस्पात संयंत्र - BSP) में कार्यरत स्थानीय वाहन मालिकों ने नए परिवहन टेंडर की कम दरों के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। 'बूढ़ादेव अंजरेल माइंस श्रमिक विकास समिति' एवं 'राजाराव ग्राम माइंस श्रमिक विकास समिति' ने संयुक्त रूप से स्पष्ट किया है कि जब तक स्थानीय वाहन मालिकों को शुद्ध रूप से न्यूनतम ₹910 प्रति टन भाड़ा सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक इस नए टेंडर के तहत एक भी स्थानीय वाहन नहीं चलेगा।
नई दर पर काम करना आर्थिक रूप से असंभव
समितियों के पदाधिकारियों ने बताया कि 19 नवंबर 2026 को खुले नए टेंडर में परिवहन दर ₹819 प्रति टन आई है। ठेकेदारों की कटौती के बाद स्थानीय वाहन मालिकों के हिस्से में महज ₹700 प्रति टन ही आएंगे, जो वर्तमान दर (₹707 प्रति टन) से भी कम है। पदाधिकारियों ने आंकड़ों के साथ स्पष्ट किया कि डीजल, टायर, रखरखाव, ड्राइवर वेतन और बैंक किस्तों की भारी लागत के कारण वर्तमान ₹707 प्रति टन की दर पर भी प्रत्येक वाहन मालिक को प्रतिमाह लगभग ₹1,02,873.50 का सीधा घाटा उठाना पड़ रहा है। ऐसे में दर बढ़ाने के बजाय घटाना स्थानीय वाहन मालिकों के साथ सीधा अन्याय है।
ठेकेदारों को दो टूक चेतावनी और पूर्ण बहिष्कार का निर्णय
समितियों ने सभी संबंधित परिवहन ठेकेदारों को कड़े शब्दों में आगाह किया है कि स्थानीय वाहन मालिकों की सहमति और ₹910 प्रति टन शुद्ध भाड़े की गारंटी के बिना किसी भी स्थिति में ऑनलाइन पोर्टल पर इस नए टेंडर की अंतिम स्वीकृति (हरा बटन दबाना) न दें।
समितियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि स्थानीय वाहन मालिकों की वास्तविक आर्थिक स्थिति को नजरअंदाज करते हुए टेंडर स्वीकार किया जाता है, या बाहर से वाहन लगाकर कार्य प्रारंभ करने का प्रयास किया जाता है, तो समस्त स्थानीय वाहन मालिक एवं प्रभावित ग्रामीण खदान का संपूर्ण परिवहन कार्य अनिश्चितकाल के लिए पूर्णतः ठप कर देंगे। ऐसी स्थिति में होने वाले किसी भी आर्थिक नुकसान, अनुबंध निरस्तीकरण या कार्य बाधा की संपूर्ण जिम्मेदारी स्वयं संबंधित ठेकेदार की होगी।
जिला पंचायत सीईओ को सौंपा गया ज्ञापन
अपनी इन मांगों और निर्णय के संबंध में समितियों के प्रतिनिधिमंडल ने आज कलेक्टर (नारायणपुर) के नाम जिला पंचायत सीईओ को लिखित ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही इसकी प्रतिलिपि मुख्य महाप्रबंधक (रावघाट लौह अयस्क खदान परियोजना, BSP) एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नारायणपुर को भी प्रेषित की गई है।
Tags :
छत्तीसगढ़,नारायणपुर,बस्तर,
विज्ञापन
विज्ञापन